वाटिका एक्सप्रेशंस सोसाइटी का मामला, सीएम से कार्रवाई और सोसाइटी में सुरक्षा बढ़ाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। सेक्टर-88 स्थित वाटिका एक्सप्रेशंस सोसाइटी के 100 से अधिक निवासियों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने सोसाइटी की चहारदीवारी तोड़ने, फायरिंग और पथराव की कथित घटना का विरोध किया। निवासियों ने हरियाणा के मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई तथा परिवारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
निवासियों का आरोप है कि 6 और 7 नवंबर की रात करीब डेढ़ बजे 4एस डेवलपर्स से जुड़े कुछ लोग हथियारों और तीन जेसीबी मशीनों के साथ सोसाइटी में पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान सोसाइटी की चहारदीवारी का एक हिस्सा तोड़ा गया। विरोध करने पर हवा में फायरिंग और सुरक्षा गार्डों व निवासियों पर पथराव भी हुआ। घटना के बाद पुलिस की कई पीसीआर गाड़ियां मौके पर पहुंची थीं।
बुधवार के प्रदर्शन में लोगों ने तख्तियां लेकर नारे लगाए और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। निवासियों का कहना है कि घटना के बाद सोसाइटी में डर का माहौल है और उन्हें अपने बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। निवासी कैलाश बार्थवाल और हकीकत राणा ने मुख्यमंत्री व पुलिस प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई तथा पर्याप्त सुरक्षा देने की मांग की। निवासियों ने कहा कि उनका विरोध शांतिपूर्ण है और वे उचित कार्रवाई होने तक अपनी मांग उठाते रहेंगे।
निवासियों ने प्रशासन के सामने रखीं मांगें
चहारदीवारी तोड़ने, फायरिंग और पथराव की निष्पक्ष जांच कराई जाए
4एस डेवलपर्स और जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो
सोसाइटी में पुलिस सुरक्षा बढ़ाई जाए
भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं
मुख्यमंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मामले में जल्द हस्तक्षेप करें