- छह महीने पहले भाई और दोस्त के साथ हुई मारपीट का बदला लेने के लिए वारदात को दिया अंजाम
- दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, रिमांड पर लेकर की जा रही पूछताछ
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर सिधरावली गांव के पास कार में गोली मारकर की गई दीपक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव सिधरावली निवासी 21 वर्षीय जतिन के रूप में हुई है। अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने उसे मंगलवार को गांव सहरावन के पास से गिरफ्तार किया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते जतिन ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस पूछताछ में जतिन ने बताया कि करीब छह महीने पहले मृतक दीपक के साथियों ने उसके भाई के साथ मारपीट की थी। इसके अलावा कुछ समय पहले दीपक ने उसके दोस्त के साथ भी मारपीट की थी। जतिन को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। वहीं, उसके दूसरे साथी के साथ भी दीपक का विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते दोनों ने दीपक की हत्या की साजिश रची और उसे गोली मार दी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं।
सोमवार सुबह कार में मिला था शव-
यह मामला नौ नवंबर की सुबह सामने आया था। बिलासपुर थाना पुलिस को सिधरावली बस स्टैंड के पास दीपक की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन पर खड़ी स्विफ्ट कार की अगली सीट पर दीपक का शव मिला। उसे गोली लगी हुई थी। मृतक के चाचा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दीपक आठ नवंबर की रात अपनी कार लेकर घर से निकला था। अगले दिन सुबह करीब आठ बजे उसकी हत्या की सूचना मिली।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण सीन ऑफ क्राइम और फिंगरप्रिंट टीम से करवाया था। चाचा की शिकायत पर बिलासपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि दीपक का भी आपराधिक रिकॉर्ड था। उसके खिलाफ गुरुग्राम में छह और राजस्थान में दो मामले दर्ज थे। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट और अवैध वसूली जैसे आरोप शामिल थे।