चिंटेल्स सोसाइटी की जी टावर के निवासियों ने शिफ्टिंग का खर्चा और किराया भी देने की मांग की
गुरुग्राम। सेक्टर-109 स्थित चिंटेल्स पैराडाइसो सोसाइटी की रहने के लिए असुरक्षित घोषित की गई जी टावर के निवासी सोमवार को एडीसी से मिले और दिए जा रहे 6500 रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर की समीक्षा करने की मांग की। इसके साथ ही शिफ्टिंग का खर्चा और किराया भी देने की मांग की। एडीसी ने सभी मांगों को उपायुक्त के समक्ष रखने की बात कही है।
सोसाइटी की हादसा ग्रस्त डी टावर के बाद ई और एफ टावर को भी रहने के लिए असुरक्षित घोषित कर दिया गया था। इसके बाद हाल में ही जी टावर को भी रहने के लिए असुरक्षित घोषित किया है। इसको खाली करने के लिए करीब 30 से अधिक फ्लैट मालिकों को नोटिस भी दे दिया गया है। अब इन लोगों ने सोमवार को एडीसी से मिलकर दिए जा रहे 6500 रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर बढ़ाने के की मांग की।
इसके अलावा 40 हजार रुपये शिफ्टिंग का खर्चा और 1500 रुपये प्रति स्क्वायर फीट की दर से किराया भी देने की मांग की है। यह भी कहा है कि दिल्ली विकास प्राधिकरण ने जिस प्रकार सिग्नेचर ब्यू अपार्टमेंट के मामले का निस्तारण किया था, उनके मामले में भी यही हो। एडीसी ने कहा कि वह सभी बातों को उपायुक्त के समक्ष रखेंगे। एडीसी से मिलने वालों में सुनील दुरेजा, विजय अग्रवाल, नीलम, योगेश, शोभा यादव मौजूद थे। ब्यूरो