- गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जनवरी 2026 में आयोजित किया जाएगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम विश्वविद्यालय में जनवरी 2026 में प्रौद्योगिकी के माध्यम से सतत समाधान को आगे बढ़ाने विषय पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (आईसीएएसएसटी-2026) आयोजित किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय का पहला अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन होगा, जो तकनीकी नवाचार, कंप्यूटर विज्ञान, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान, इंजीनियरिंग और प्रबंधन जैसे विविध क्षेत्रों में सतत विकास के समाधान तलाशने पर केंद्रित रहेगा।
सम्मेलन के लिए शोध-पत्र जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब प्रतिभागी 20 अक्तूबर तक पेपर जमा कर सकते हैं, जबकि पहले अंतिम तिथि 25 सितंबर थी। जमा किए गए शोध-पत्रों की स्वीकृति या अस्वीकृति की अधिसूचना 20 नवंबर को दी जाएगी। विवि की इंजीनियरिंग विभाग की प्रो. चारु गांधी ने बताया कि पहले पेपर जमा कराने की तारीख 25 सितंबर थी। काफी लोगों के अनुरोध पर एक बार फिर से तारीख को बढ़ा दिया गया है। खास बात यह है कि इस सम्मेलन में बाहर के विद्यार्थी अपना रिसर्च पेपर जमा करा सकते हैं। आईसीएएसएसटी-2026 के आयोजन के जरिए दुनिया भर के शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और उद्योग विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है, जिससे वे नवाचार और स्थायित्व से जुड़े विचार साझा कर सकें। सम्मेलन में तकनीकी संगोष्ठियां, ट्यूटोरियल्स और कार्यशालाएं शामिल होंगी। शोधकर्ता अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे और विभिन्न समानांतर सत्रों में चर्चाएं होंगी। प्रतिभागी विशेषज्ञ वक्ताओं के व्याख्यान, इंटरैक्टिव कार्यशालाओं, पैनल चर्चाओं और गहन ट्यूटोरियल्स के माध्यम से सीखने और सहयोग का अवसर पाएंगे।