गुरुग्राम। साउथ सिटी-1 निवासी कोरोना पॉजिटिव महिला के संक्रमण फैलाने के प्रयास का मामला सामने आया है। संक्रमित महिला होम आइसोलेशन का उल्लंघन करके दो चिकित्सकों से अपनी दोबारा जांच कराने पहुंची। चिकित्सकों के किसी प्रेसक्रिप्शन के बिना ही दो लैब ने उसका कोविड-9 टेस्ट कर भी दिया। सूचना मिलते ही चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशिमा ने सेक्टर-40 थाना पुलिस को शिकायत देकर केस दर्ज कराया है।
पुलिस को दी शिकायत में डॉ. आशिमा ने बताया कि साउथ सिटी-1 की द पाल्म सोसाइटी निवासी महिला 20 अगस्त को कोरोना संक्रमित पाई गई थी। उसे नियम के तहत होम आइसोलेट किया गया था। आरोप है कि होम आइसोलेट होने के बाद भी महिला दयानंद कॉलोनी स्थित डॉ. नवीन चावला के क्लीनिक पर पहुंच गई। यहां उसके लक्षण देखते हुए चिकित्सक ने मेट्रोपॉलिस लैब से कोविड टेस्ट कराया। इसके लिए चिकित्सक ने महिला को कोई प्रेसक्रिप्शन नहीं दिया। 21 अगस्त को महिला डीएलएफ फेज-3 स्थित सांई क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. गौरव के पास पहुंच गई। आरोप है कि डॉ. गौरव ने महिला को जांच के लिए एसआरएल लैब में भेज दिया। लैब में फोन कर महिला की जांच करने को कहा गया।
आरोप है कि लैब स्टाफ ने चिकित्सक से यह तक नहीं पूछा कि 24 घंटे के भीतर ही महिला का दूसरा टेस्ट क्यों किया जा रहा है। यहां जांच के लिए डॉ. गौरव ने भी महिला को कोई प्रेसक्रिप्शन नहीं दिया। 23 अगस्त को महिला ने निजी लैब में जांच कराने और वहां से रिपोर्ट निगेटिव होने की बात डॉ. आशिमा को फोन करके कही। इसके बाद उन्हें प्रकरण की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर पांचों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।