गुरुग्राम। शहर की मुख्य सड़कों एवं अन्य स्थानों पर लगे अवैध होर्डिंग-बोर्ड के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम की तरफ से अभियान तेज कर दिया गया है। सोमवार को हीरो होंडा चौक से पटौदी चौक, हीरो होंडा चौक से सुभाष चौक, ओल्ड रेलवे रोड, न्यू रेलवे रोड, शीतला माता रोड सहित आसपास के क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए लगभग 600 अवैध होर्डिंग व पोस्टर बैनर को हटाया। वहीं 60 दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्रवाई के दौरान अवैध विज्ञापन लगाने के मामले में विभिन्न उल्लंघनकर्ताओं पर 1.75 लाख रुपये के चालान भी किए गए हैं। नगर निगम गुरुग्राम की विज्ञापन शाखा के इंचार्ज सहायक अभियंता कुलदीप सिंह के अनुसार निगमायुक्त विनय प्रताप सिंह के निर्देशों की पालना में विज्ञापन शाखा द्वारा अवैध होर्डिंग बोर्ड का सफाया करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विज्ञापन शाखा द्वारा अवैध होर्डिंग-बोर्ड सहित अन्य प्रचार सामग्री को हटाने के साथ ही संबंधित उल्लंघनकर्ताओं के चालान किए जाएंगे तथा उनके खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।