संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश के निजी अस्पतालों में 16 सितंबर को आयुष्मान योजना के तहत सेवाएं बंद नहीं की जाएंगी। यह निर्णय मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की चंडीगढ़ में हुई बैठक में लिया गया है। इससे आयुष्मान कार्ड के तहत इलाज कराने वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
निजी अस्पतालों के कई महीनों से आयुष्मान योजना के तहत क्लेम लंबित होने के कारण आईएमए ने एक सितंबर से 24 घंटे के लिए आयुष्मान सेवाएं बंद किया गया था। इसके बाद 16 सितंबर को भी सेवाएं बंद करने की संभावना जताई गई थी। जिला आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजेश कटारिया का कहना है कि मुख्यमंत्री की ओर से भुगतान और लंबित क्लेम को लेकर आश्वासन दिए जाने के बाद आईएमए ने 16 सितंबर को सेवाएं बंद नहीं करने का निर्णय लिया है। ऐसे में आयुष्मान कार्ड धारक पहले की तरह निजी अस्पतालों में योजना के तहत उपचार करा सकेंगे।