दो की हालत गंभीर, आरोपियों की पहचान बताने पर पचास हजार का इनाम घोषित
लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने दी थी धमकी, पुलिस कर रही कई ऐंगल से जांच
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाइवे पर पंचगांव में शुक्रवार देर रात करीब 9 बजे एक वाइन शॉप पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। पंचगांव चौक पर स्थित डिस्कवरी वाइन नाम की दुकान पर वारदात को अंजाम दिया गया। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश शराब ठेके के अंदर घुसकर लगातार फायरिंग करते रहे। गोलियां दुकान पर खड़े 2 ग्राहकों को लगी। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। इसके अलावा एक ग्राहक को शराब ठेके के शीशे पर गोली लगने से उसके टुकड़े लगे, जिससे वह भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान बताने वालों के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। मानेसर थाना पुलिस ने वाइन शॉप मालिक कुलदीप के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उसका कहना है कि उसके पास विदेश के नंबर से फोन आ रहा था। फोन करने वाले ने खुद को विपिन नेहरा बताया था ।
गोलीबारी की पूरी वारदात शराब ठेका में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए। वहीं वारदात की पूरी जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मानेसर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फायरिंग करने वाले बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन फुटेज को कब्जे में लेकर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
वारदात के समय दुकान में थे कई ग्राहक
वाइन शॉप के सेल्समैन प्रवीण कुमार ने बताया कि दो हथियारबंद बदमाश दुकान में घुसे और अचानक गोलियां बरसाने लगे। इस दौरान दुकान में कई ग्राहक थे। गोली एक ग्राहक की गर्दन जबकि एक अन्य ग्राहक के बाजू में जा लगी। लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक ने दम तोड़ दिया। वहीं पुलिस के अनुसार शराब ठेके पर आए संदीप नामक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। जबकि देव राज शर्मा व राजेन्द्र प्रसाद को भी कई कई गोलियां लगी है । उन्हें सिल्वर स्ट्रीक अस्पताल में दाखिल कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने दी थी धमकी
दुकानदार का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, लेकिन गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने शराब कारोबारियों को पटौदी-फर्रुखनगर में शराब के ठेके नहीं लेने की चेतावनी दी थी। गोलीबारी की इस वारदात को लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों की धमकी से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि लॉरेंस के एक गुर्गे ने सोशल मीडिया पर धमकी दी कि रेवाड़ी से गुरुग्राम के बीच के सभी शराब के ठेके लॉरेंस के होंगे।
वर्जन
शराब के ठेके पर चली गोली के मामले में पुलिस मामला दर्ज कर अलग-अलग ऐंगल से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। - मनबीर डीसीपी मानेसर, गुरुग्राम।