पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर 51 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती विदेशी महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला चार दिन पुराना है। रविवार सुबह की घटना बताई जा रही है। दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन ने महिला का उपचार पूरा होने के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी है।
पुलिस के अनुसार महिला की बेटी ने शिकायत में बताया कि वह मूल रूप से कजाकिस्तान की रहने वाली है। वह अपनी 50 वर्षीय मां के उपचार के लिए भारत आई है। उसका उपचार 9 जुलाई से चल रहा है। एक ऑपरेशन हो चुका है। दूसरी बार दूसरे ऑपरेशन के लिए भर्ती हुई थी जिसके चलते रविवार को केयर टेकर आरोपी ने उसरी मां के साथ गलत हरकत की। ऐसा करते हुए बेटी ने देख लिया था जिसकी उसने परिवार वालों को जानकारी दी। बेटी के बयान पर सेक्टर 50 थाना पुलिस ने कानूनी राय लेने के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने छानबीन के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली है जहां पर महिला के बेड के पास आरोपी की संदिग्ध इंट्री मिली है। एसीपी सदर कपिल अहलावत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। विदेशी महिला के साथ वारदात की सूचना अंबेसी भी भेजी गई है।