संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पटौदी थाना क्षेत्र में तिहाड़ जेल में बंद अपराधी का नाम लेकर फिरौती मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया मोबाइल फोन बरामद कर केस दर्ज कर लिया और कार्रवाई शुरु कर दी।
पुलिस के अनुसार पटौदी थाने में शुक्रवार को एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि वह गाड़ी खरीदने-बेचने का काम करता है। बीती 26 मार्च को उसके पास एक विदेशी नंबर से कॉल आया था। जिसने अपने आपको तिहाड़ जेल में बंद अपराधी बताया। फोन पर उसने एक व्यक्ति को रुपये देने के लिए कहा। वहीं, रुपये नहीं देने की सूरत में जान से मारने की धमकी दी। मामले में पटौदी थाना प्रभारी एसआई अमित कुमार, फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच प्रभारी एसआई ललित कुमार, मानेसर क्राइम ब्रांच पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गांव गढ़ी महेश्वरी, रेवाड़ी से काबू कर लिया।
बालिग आरोपी की पहचान रेवाड़ी के गांव गढ़ी माहेश्वरी निवासी 35 वर्षीय महावीर के रूप में हुई। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महावीर ने 30 हजार रुपये में एक पिकअप गाड़ी खरीदी थी। जिसे महावीर ने शिकायतकर्ता को वापस करते हुए रुपये भी ले लिए थे। इसी दौरान इन्हें जब पता चला कि शिकायतकर्ता के पास बड़ी गाड़ियां (फॉर्च्यूनर व स्कॉर्पियो) हैं तो आरोपी महावीर ने अपने भतीजे के साथ मिलकर शिकायतकर्ता को धमकी देकर उससे अनुचित तरीके से रुपये ऐंठने की योजना बनाई। योजना के अनुसार आरोपी महाबीर के भतीजे (नाबालिग आरोपी) ने वर्चुअल नंबर तैयार करके पीड़ित के पास फोन करके जेल में बंद अपराधी का नाम लेकर पैसे मांगने तथा पैसे ना देने की सूरत में जान से मारने की धमकी देने की वारदात को अंजाम दिया।