संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। रक्षाबंधन त्योहार पर हरियाणा परिवहन विभाग ने 36 घंटों के लिए रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सौगात दी है। इसके साथ ही निजी बसों में भी महिलाओं के निशुल्क यात्रा के आदेश जारी किए गए हैं। ताकि महिलाएं अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधने पहुंच सकें। रविवार को दोपहर 12 बजे शुरू हुई निशुल्क यात्रा सोमवार को रात्रि 12 बजे तक रहेगी।
गुरुग्राम बस डिपो प्रबंधन ने चालक-परिचालकों के अलावा अन्य रोडवेज कर्मचारियों की रक्षाबंधन त्योहार पर दो दिनों के लिए छुट्टी रद्द की हुई हैं, ताकि सभी रूटों पर बसों का संचालन सुचारू तौर पर हो सके। रविवार व सोमवार को कई कर्मचारियों की ड्यूटी बस अड्डा परिसर में लगाई गई है। ये कर्मचारी रोडवेज बसों का संचालन सही ढंग से कराने के साथ ही यात्रियों को रूट पर जाने वाली बसों के बारे में जानकारी दे रहे हैं कि किस रूट पर किस समय बसें रवाना हो रही हैं।
दूसरे प्रदेशों में लेनी होगी टिकट
परिवहन विभाग के निर्देशानुसार महिलाओं व उनके 15 साल के लड़कों के लिए हरियाणा की सीमा क्षेत्र में और दिल्ली व चंडीगढ़ तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। हरियाणा की सीमा के बाहर दूसरे प्रदेशों हिमाचल प्रदेश, जम्मू, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश व राजस्थान में महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। दूसरे प्रदेश की सीमा शुरू होने के बाद रोडवेज बस में सफर कर रही महिलाओं को अपनी व अपने बच्चों की टिकट लेनी है।
निजी बसों के संचालकों ने लिया किराया
प्रदेश सरकार और हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा रोडवेज बसों के साथ ही निजी बसों में रक्षाबंधन पर 36 घंटे महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा के आदेश जारी किए हैं। गुरुग्राम बस अड्डे से फरीदाबाद, पटौदी, सोहना, धारूहेड़ा आदि रूटों पर चलने वाली निजी बसों में सभी महिलाओं व 15 साल के लड़कों के टिकट भी काटे गए हैं। हालांकि गुरुग्राम बस अड्डे पर बार-बार महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की अनाउंसमेंट की जा रही थी। लेकिन निजी बसों के संचालकों ने प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग के आदेशों को ना मानते हुए महिलाओं से किराया वसूला।
रोहतक, भिवानी, आगरा व मथुरा रूट पर रही भीड़
गुरुग्राम बस अड्डे पर रविवार को सभी रूटों पर जाने वाले यात्रियों की भीड़ थी। लेकिन रोहतक, भिवानी, आगरा व मथुरा पर ज्यादा भीड़ होने से कई अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। डिपो प्रबंधन ने अतिरिक्त बसों के लिए पहले ही तैयारी की हुई थी। डिपो के ड्यूटी निरीक्षक (डीआई) राजेंद्र ने बताया कि रविवार की सुबह यात्रियों की भीड़ होने पर रोहतक, आगरा व मथुरा रूट पर ही अतिरिक्त बसें भेजी गई थीं। वहीं, दोपहर को इन तीनों रूटों के अलावा भिवानी व मुरादाबाद रूट पर अतिरिक्त बस भेजी गई। रोडवेज कर्मचारी आवाज लगाकर रूट पर जाने वाले यात्रियाें को रोडवेज बसों में बैठा रहे थे।
वर्जन
रक्षाबंधन त्योहार पर महिलाओं व उनके 15 साल के लड़कों के लिए रोडवेज व निजी बसों में सोमवार की रात्रि 12 बजे तक निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गई हैं। बसों के चालक-परिचालकों और बस अड्डा में तैनात कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों को परेशानी ना हो।
- प्रदीप कुमार अहलावत, महाप्रबंधक, गुरुग्राम बस डिपो।