शिवाजीनगर थाना क्षेत्र की घटना, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शिवाजीनगर थाना क्षेत्र में प्लॉट बेचने के नाम पर एक कारोबारी से चार करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दस लोगों पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-15 पार्ट 2 में रहने वाले कारोबारी मनोज कुमार लांबा ने कहा कि उनका शक्ति नगर में प्लास्टिक दाना सप्लाई करने का काम है। उनकी फर्म जिले की कई कंपनियों को माल सप्लाई करती है। वहीं संदीप यादव और मनोज यादव की मानेसर में ऑटो पार्ट और प्लास्टिक दाना बनाने की कंपनी है। मनोज लांबा ने कहा कि माल सप्लाई को लेकर उनकी संदीप और मनोज यादव से पिछले पांच साल से अच्छी जान-पहचान थी। संदीप व मनोज फरवरी 2021 में उनकी फर्म में आए और बताया कि गांव सिकंदरपुर घोषी में नौ सौ वर्ग गज का प्लॉट करीब साढ़े सात करोड़ रुपये में मिल रहा है। लेकिन उनके पास पैसे नहीं है, इसके लिए उन्होंने मनोज लांबा से सस्ते दामों में प्लॉट लेने की पेशकश की। मनोज लांबा के राजी होने पर मार्च में दोनों ने हल्का पटवारी से प्लॉट के कागज भी दिखवाए। जिस पर मनोज लांबा ने संदीप और मनोज यादव के कहने पर कथित रूप से अर्श डेवलपर्स से प्लॉट का सात करोड़ 30 लाख रुपये में सौदा कर लिया। मनोज लांबा ने अप्रैल 2021 में इकरारनामा के रूप में डेढ़ करोड़ रुपये शक्ति नगर स्थित फर्म के ऑफिस में दोनों को दिए। वहीं 50 लाख रुपये बैंक खाते में जमा कराए। अक्तूबर 2021 में रजिस्ट्री की बात तय हुई। वहीं इससे पहले जून 2021 में संदीप और मनोज यादव समेत पांच लोग उनके ऑफिस में आए और दो करोड़ रुपये और ले गए। इसके बाद मनोज लांबा जब अक्तूबर 2021 में सिकंदरपुर घोषी स्थित प्लॉट देखने गए तो यहां पर एसकेएन हरियाणा सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन एजेंसी प्लॉट पर निर्माण करा रही थी। पूछताछ करने पर पता चला कि यह प्लॉट एजेंसी ने 2019 में ही अर्श डेवलपर्स से खरीदा था। जब मनोज लांबा ने संदीप और मनोज यादव से अपने रुपये वापस करने को कहा तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।