गुरुग्राम। डिस्ट्रिक्ट टाउन प्लानर इनफोर्समेंट ( डीटीपीई ) विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सेक्टर-92 में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टमों का निरीक्षण किया। टीम ने बताया कि अधिकांश सिस्टमों में साफ-सफाई, रखरखाव आदि की कमियां मिलीं। संचालकों को सात दिन में सिस्टमों को मरम्मत करने के लिए कहा गया है। इन सिस्टमों का दोबारा से निरीक्षण किया जाएगा।
डीटीपीई आरएस बाठ ने बताया कि मानसून में कैच द रैन अभियान के तहत शहर में रेन वाटर हार्वेेस्टिंग सिस्टमों का निरीक्षण किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को अभियान के दूसरे फेज में सेक्टर-92 में निरीक्षण किया। यहां अधिकांश रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम खस्ता हाल में मिले। इन सिस्टमों को सात दिन में मरम्मत करने के लिए मकान मालिकों से कहा गया है। तीसरे फेज में फिर से निरीक्षण किया जाएगा। वहीं सेक्टर में बन रहीं लगभग 40 दुकानों को हरियाली व अन्य नियमों का ध्यान में रखकर निर्माण को आगे बढ़ाने की हिदायत बिल्डर को दी। इसके बाद रहेजा नवोदय सोसाइटी में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टमों का निरीक्षण किया गया। यहां भी सिस्टमों मेें कमियां मिलीं। टीम के साथ गुरुजल सोसाइटी व नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।