कस्बे की सभी सड़कें बरसाती पानी से जलमग्न, सोहना नगर परिषद के सभी दावे फेल
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना नगरपरिषद की ओर से लाखों रुपये की राशि खर्च किए जाने के बावजूद भी पानी निकासी नहीं हो सकी है। बरसाती पानी कस्बे की सभी सड़कों व बाजारों में भरा पड़ा है। परिषद अधिकारियों के पानी निकासी के सभी दावे फेल होकर रह गए हैं। नागरिकों में परिषद प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष व गुस्सा है।
रविवार की दोपहर करीब 12 बजे सोहना कस्बे में हुई बरसात ने नगरपरिषद प्रशासन की पोल खोल कर रख दी है। जगह-जगह एकत्रित बरसाती पानी नगरपरिषद की निष्क्रियता की दास्तां बयान कर रहा है। बरसात से सभी बाजार व सड़कें जलमग्न होकर रह गई हैं। पानी की निकासी न होने से सड़कों पर कई-कई फीट तक बरसाती पानी खड़ा है, जहां से वाहन व पैदल राहगीर भी नहीं निकल सकता है।
कस्बे के प्रबुद्ध नागरिक समाजसेवी अमित गर्ग, प्रवीण जैन, राजू आदि बताते हैं कि परिषद ने आज तक पानी की निकासी के लिए कोई ठोस योजना तैयार नहीं की है, जो हर वर्ष पानी की निकासी पर लाखों रुपये खर्च कर खानापूर्ति कर देती है। लोगों ने परिषद से पानी निकासी की ठोस योजना तैयार करने को कहा है।
इस संदर्भ में नगर परिषद कार्यकारी अधिकारी सुमनलता ने कहा कि नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। इसके पूर्ण होने पर पानी निकासी समस्या का समाधान हो जाएगा।