बारिश ने खोली नगर निगम की तैयारियों की पोल, निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भरने से हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भीषण गर्मी से जूझ रहे मिलेनियम सिटी के लोगों को रविवार को बारिश होने से राहत मिली है। हालांकि, बारिश से कई जगहों पर जलभराव की समस्या हो गई और नगर निगम के दावे खोखले साबित होते हुए नजर आ रहे हैं। सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर बाद हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाओं ने शहर को सुहावना बना दिया। जिले के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश सुबह से ही देखी गई। तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली। सुबह से हो रही रुक-रुक कर बारिश से जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन जल निकासी सही से न होने से शहर के विभिन्न इलाकों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई।
जगह-जगह जलभराव
बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में मौसम खुशनुमा हो गया लेकिन जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। खासकर निचले इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और सड़कों पर भारी जाम की स्थिति बन गई। खासकर पैदल चलने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ओल्ड दिल्ली रोड़, माता रोड़, सेक्टर 5, सेक्टर 4 व 9, बसई, राजेंद्र पार्क, शक्ति पार्क, समेत कई अन्य जगहों पर पानी भर गया।
मौसम अलर्ट
आगामी दिनों में बारिश के लिए मौसम विभाग ने बारिश के लिए अलर्ट जारी किया हुआ है। बारिश के बाद से अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। अगले दो से तीन तक 33 से 34 डिग्री तक तापमान रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 2-3 दिनों तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। वहीं, रविवार को एक्यूआई 53 दर्ज किया गया, जिससे शहर की हवा में काफी सुधार देखने को मिला है।