रोजाना 100 से अधिक घरों में मिल रहा पॉजिटिव लार्वा, लोगों को दिए जा रहे नोटिस
2700 से अधिक मरीज पहुंच रहे अस्पताल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बारिश के मौसम में बुखार के मरीजों में इजाफा देखने को मिल रहा है। नागरिक अस्पताल सहित पीएचसी और सीएचसी पर बुखार के मरीज अधिक पहुंच रहे हैं। इन दिनों अस्पताल में रोजाना 2,700 से 3,000 लोग ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिनमें सबसे अधिक संख्या बुखार के मरीजों की है। आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन 350 से 400 मरीज बुखार से पीड़ित होकर इलाज के लिए आ रहे हैं। इसी के साथ डायरिया के मामलों में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसका मुख्य कारण बारिश के बाद सप्लाई में मिश्रित होकर आ रहा गंदा पानी माना जा रहा है।
अस्पताल की फिजीशियन डाॅ. काजल ने बताया कि बारिश के कारण बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। ऐसे में मरीजों को बाहर का खाना, पूरी बाजू के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। सलाह दी जा रही है अपने आप से दवाइयां लेने की कोशिश न करें, डाॅक्टर की सलाह से दवा लें।
-
पॉजिटिव लार्वा नोटिस
1 सितंबर 175 75
2 सितंबर 208 101
3 सितंबर 188 95
4 सितंबर 204 92
5 सितंबर 199 77
6 सितंबर 197 89
मिल चुके हैं डेंगू और मलेरिया के मरीज
मिलेनियम सिटी में मानसून के साथ ही डेंगू और मलेरिया का खतरा बढ़ता जा रहा है। जिले में अब तक डेंगू के कुल मरीजों की संख्या 49 हो चुकी है, जबकि मलेरिया के आठ मामले सामने आ गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की एंटी लार्वा टीम ने अब तक शनिवार को 13,482 घरों में निरीक्षण किया, जिनमें से 197 घरों में डेंगू-मलेरिया फैलाने वाला पॉजिटिव लार्वा पाया गया। टीम ने चेकिंग के दौरान 89 लोगों को नोटिस भी जारी किए। अधिकारियों का कहना है कि साफ-सफाई न बरतने से संक्रमण तेजी से फैलता है, ऐसे में अपने आसपास सफाई जरूर रखें। डॉक्टरों ने अपील की है कि अपने आस-पास गंदा पानी न जमा होने दें।