वन विभाग के कार्यालय की नव निर्मित दीवार
-लोगों ने की 24 लाख की लागत से हुए निर्माण कार्य की जांच की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर के जमालगढ़ रोड पर वन विभाग के कार्यालय की चहारदीवारी व गेट निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 24 लाख रुपये की लागत से कराए जा रहे इस निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किए जाने और खुलेआम भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा मानकों को ताक पर रखकर कार्य किया जा रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी और प्रशासन इस ओर आंखें मूंदे बैठे हैं।
24 लाख रुपए में वन विभाग कार्यालय की चारदीवारी सहित गेट का निर्माण व मिट्टी भरत सहित दीवार पर पेंट होना है। स्थानीय नागरिक फूल सिंह दिवाकर, एमिनेट पर्सन धर्मवीर सैनी, ललित कुमार, कैलाश, रोहित आर्य के अनुसार चहारदीवारी निर्माण के दौरान पुरानी दीवार की नींव पर ही नया निर्माण शुरू कर दिया गया है, जबकि नियमों के अनुसार पहले पुरानी जर्जर दीवार को पूरी तरह हटाया जाना चाहिए था। इतना ही नहीं, निर्माण में नई ईंटों के बजाय पीछे की दीवार में पुरानी और घटिया किस्म की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि इससे न केवल निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े होते हैं, बल्कि सरकारी धन का दुरुपयोग भी हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो किसी प्रकार का सूचना बोर्ड लगाया गया है और न ही गुणवत्ता की जांच के लिए कोई निगरानी दिखाई दे रही है। इससे यह संदेह और गहरा हो गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जिला वन अधिकारी प्रवीण कुमार ने कहा, चहार दीवारी के निर्माण में अगर पुरानी ईंटों का निर्माण किया गया है तो इसकी जांच की जाएगी।