बीएसएफ कैंप में घुसा अजगर
गुरुग्राम। भोंडसी स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कैंप में बृहस्पतिवार सुबह एक अजगर घुस आया। अजगर में कैंप में मौजूद 3 खरगोश भी निगल लिए। कैंप में बने स्टोर में जब बीएसएफ अधिकारी पहुंचे, तो एक संदूक पर अजगर को बैठा देख वन्य जीव संरक्षक अनिल गंडास को जानकारी दी। जिन्होंने मौके पर पहुंचकर अजगर को काबू किया और अरावली स्थित चंद्रशेखर कैंप में छोड़ा।
बृहस्पतिवार सुबह करीब 8 बजे बीएसएफ के अधिकारी कैंप परिसर में ही मौजूद थे। एक अधिकारी कैंप में बने स्टोर रूम में काम कर रहे थे कि अचानक उन्हें कुछ हलचल सी दिखाई दी। उन्होंने स्टोर रूम में मौजूद तीनों खरगोशों को ढूंढा, लेकिन नहीं मिले। अचानक उनकी नजर संदूक पर बैठे अजगर पर पड़ी। इस पर अधिकारी कमरे से बाहर आ गए और दरवाजा बंद कर अन्य कर्मचारियों को इसकी जानकारी देकर उन्हें अंदर जाने से मना कर दिया। साथ ही इसकी सूचना वन्य जीव संरक्षक को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंचे वन्य जीव संरक्षक अनिल गंडास काफी मशक्कत के बाद अजगर को काबू करने में कामयाब रहे। अनिल गंडास ने बताया कि यह करीब 7 फुट लंबा इंडियन रॉक पाइथन था, जो बेहद आक्रामक होता है। यह भोजन की तलाश में यहां पहुंच गया था।