हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर दोपहर 3 बजे होगा प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर प्रदेश के सभी रोडवेज डिपो में 29 मई को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसी कड़ी में गुरुग्राम रोडवेज डिपो में भी कर्मचारियों द्वारा दोपहर तीन बजे धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी लंबित मांगों को लेकर सरकार और विभाग के खिलाफ आवाज बुलंद करेंगे।
सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि लंबे समय से रोडवेज कर्मचारियों के विभिन्न भत्ते लंबित पड़े हुए हैं, जिनका भुगतान अब तक नहीं किया गया है। कर्मचारियों में इसे लेकर भारी रोष व्याप्त है। प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से बकाया एलटीसी, रात्रि ठहराव भत्ता, शिक्षा भत्ता तथा ओवरटाइम भत्ते के भुगतान की मांग उठाई जाएगी।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के सदस्य एवं इंटक के राज्य उप प्रधान संदीप दलाल ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी लंबे समय से अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के बकाया भत्तों का भुगतान तुरंत किया जाना चाहिए, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके। रोडवेज कर्मचारी दिन-रात मेहनत करके प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को सुचारु रूप से चला रहे हैं, लेकिन उनके वैध भत्तों का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा। बकाया एलटीसी, रात्रि ठहराव भत्ता, शिक्षा भत्ता और ओवरटाइम भत्ते को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।