निवासियों की समस्याओं का समाधान करना बिल्डर की जिम्मेदारी, अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-108 स्थित एक्सपीरियन परियोजना में स्थानीय निवासियों ने लंबित समस्याओं और बिल्डर की मनमानी के विरोध में एक शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व समाजसेवी व स्थानीय प्रतिनिधि हितेश चौधरी ने किया। इस दौरान निवासियों ने आरोप लगाया कि एक्सपीरियन बिल्डर की ओर से लंबे समय से उनकी मूलभूत समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। लोगों का कहना है कि परियोजना में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है, बार-बार बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है, जबकि निवासियों से अत्यधिक मेंटेनेंस शुल्क वसूला जा रहा है।
निवासियों ने बताया कि फ्लैट खरीदते वक्त वादा किया गया था कि क्लब हाउस मिलेगा, लेकिन अभी तक क्लब हाउस तैयार नहीं किया गया है। वहीं, सीवरेज सिस्टम पूरी तरह से चरमरा चुका है, जिसके कारण लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब है कि निवासी अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। इसके अलावा जल निकासी, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी लगातार बनी हुई हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप लगाया है कई बार इन समस्याओं के बारे में शिकायत की गई है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
इस अवसर पर हितेश चौधरी ने कहा कि अगर समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं राजेश जून ने कहा है कि निवासियों की समस्याओं का समाधान करना बिल्डर की जिम्मेदारी है। वर्षों से लोग मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है। बिल्डर की यह अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदर्शन में राजेश जून, रविंद्र यादव, जितेंद्र लाकड़ा, हरेंद्र राय समेत अन्य लोग शामिल रहें।