जीएमडीए की शिकायत प्रबंधन प्रणाली होगी अपग्रेड, नई सुविधाओं व उन्नत तकनीक समाधानों को किया जा रहा शामिल
जल्दी समाधान करने के लिए बढ़ाई जा रही उपयोगिता, होगा बदलाव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की शिकायत प्रबंधन प्रणाली जल्द ही अपग्रेड होगी। शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत और समयबद्ध बनाने के लिए यह बदलाव लागू होंगे।
जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि जीएमडीए की ओर से संचालित शिकायत निवारण तंत्र में नई सुविधाओं व उन्नत तकनीक समाधानों को शामिल किया जा रहा है। नागरिकों को अपनी शिकायतों को निर्बाध रूप से दर्ज करने, ऑनलाइन पूछताछ करने के साथ-साथ संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने में मदद करेगा। इससे नागरिकों की शिकायतों को समयबद्ध तरीके से हल करने में मदद मिलेगी। नई प्रणाली में कार्य निष्पादन एजेंसी को भी शामिल किया जाएगा। नागरिकों की शिकायतों को दूर करने के लिए उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। उपयोगिता बिलिंग और अन्य नागरिक सेवाओं को भी सुधार प्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
-
शिकायतें दर्ज करने के लिए बढ़ाए गए प्लेटफार्म
अपडेटिड कंप्लेंट हैंडलिंग सिस्टम को अब व्हाट्सएप और सोशल मीडिया प्लेटफार्म के साथ भी लिंक किया जाएगा। नागरिक व्हाट्सएप पर अपनी शिकायतें दर्ज करवा सकेंगे और चैटबॉट (हिंदी व अंग्रेजी) सुविधा से भी लैस होगा। इसके अतिरिक्त सॉफ्टवेयर जनता द्वारा एक्स, फेसबुक आदि पर भी संबंधित विभागों की शिकायतों या मुद्दों को भी ट्रेक करेगा। इनके निवारण के लिए संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। शहर में वरिष्ठ नागरिकों को सेवाएं प्रदान करने और उनके लाभ के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन भी बनाई जाएगी।