खिलाड़ियों से फीस लेने की शिकायत पर जीएमडीए ने लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में संचालित निजी खेल अकादमी व सेंटरों को बंद करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने पत्र जारी किया है। यहां पर एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बॉक्सिंग, कबड्डी व स्केटिंग के खिलाड़ियों को अभ्यास कराया जाता है। निजी अकादमी संचालकों द्वारा खिलाड़ियों से फीस लेने की शिकायत पर जीएमडीए ने निर्णय लिया है। जीएमडीए के इस निर्णय से विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित होगा।
जीएमडीए की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि बिना मंजूरी जीएमडीए के बुनियादी ढांचे का उपयोग करके खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। निजी प्रशिक्षकाें द्वारा सरकारी जमीन पर अकादमी व सेंटर चलाकर खिलाड़ियों से शुल्क भी वसूला जा रहा है, जोकि काफी गंभीर मामला है। ऐसे में जीएमडीए की विशिष्ट मंजूरी के बिना ताऊ देवी लाल स्टेडियम में दिए जा रहे सभी निजी कोचिंग /प्रशिक्षण को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया गया है। आदेशों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अनधिकृत व्यक्ति पर आपराधिक मुकदमा चलाया जाएगा और उसे ताऊ देवी लाल स्टेडियम में प्रवेश करने से भी रोक दिया जाएगा। यहां पर जिला खेल विभाग के प्रशिक्षकों की एथलेटिक्स व क्रिकेट खेल नर्सरी का संचालन जारी रहेगा। बॉक्सिंग प्रशिक्षक धर्मवीर का कहना है कि स्टेडियम से खेल सेंटर बंद करने से खिलाड़ियाें का अभ्यास प्रभावित होगा क्योंकि स्टेडियम में खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए अच्छा माहौल मिलता है। जीएमडीए को खिलाड़ियों के भविष्य को देखते हुए विचार करना चाहिए और निजी अकादमी व खेल सेंटर के लिए नियम बनाने चाहिए।
वर्जन
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में निजी प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों से शुल्क लेकर प्रशिक्षण देने की शिकायत मिलने के बाद खेल अकादमी व सेंटर बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस बारे में सभी खेल प्रशिक्षकों को अवगत कराया जा चुका है।
- राम प्रसाद गोदारा, एसडीओ जीएमडीए व स्टेडियम प्रबंधक