राम नवमी पर मंदिरों में किया गया हवन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बुधवार को श्रद्धालुओं ने देवी के सिद्धिदात्री स्वरूप की पूजा की। हवन, पूजन के बाद पिछले आठ दिनों ने व्रत रखने वालों ने कन्याओं की पूजा और ब्राह्मणों को भोजन कराकर भोजन किया। मंदिरों में हवन और कंजिका पूजन किया गया। शीतला माता के मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित जय भगवान शास्त्री, मंदिर के अधिकारी यज्ञ दत्त शर्मा ने नवमी पूजन और हवन में हिस्सा लिया।
मंदिर के अधिकारी यज्ञ दत्त शर्मा ने बताया कि नवमी को करीब 15 हजार लोगों ने माता शीतला के दर्शन किए। बुधवार को स्थानीय भक्तों ने ज्यादा दर्शन किए। सुदर्शन माता मंदिर में ट्रस्टी इंद्रराज मलिक ने हवन और विसर्जन में हिस्सा लिया। मंगलवार की शाम मंदिर में माता की चौकी का आयोजन किया गया था। श्री सिद्धेश्वर मंदिर में मुख्य पुजारी पंडित लक्ष्मीकांत शास्त्री ने हवन और कलश विसर्जन कराया। मंदिर के प्रमुख राम अवतार गर्ग बिट्टू ने पूजा में मुख्य भूमिका निभाई। चिंतपूर्णी मंदिर में सुरेश वर्मा के नेतृत्व में हवन पूजन किया गया। माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।