- दो बेटों को जेल होने के बाद सामने आए पिता ने स्कूल स्टाफ पर लगाया आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। पहले फर्जी परीक्षार्थियों का मामला तो अब परीक्षार्थी के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी बिठाकर पैसे लेने के आरोपों के चलते नूंह का माउंट अरावली पब्लिक स्कूल लगातार सुर्खियों में है। उक्त स्कूल से पकड़े गए 34 फर्जी परीक्षार्थियों के मामले में एक नया मोड़ आया है। गिरफ्तार हुए फर्जी परीक्षार्थियों में से एक के पिता ने स्कूल के स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए सीएम विंडो और एसपी नूंह से शिकायत की है।
शिकायतकर्ता सूडाका निवासी जमील ने आरोप लगाया कि उसके बेटे की हरियाणा ओपन बोर्ड की परीक्षा नूंह के माउंट अरावली पब्लिक स्कूल में थी। उसका बेटा जब परीक्षा के लिए सेंटर पर गया तो स्कूल के प्रिंसीपल इरसान खान व राकेश कुमार निवासी चंदेनी ने उससे कहा कि यदि उसे अच्छे नंबरों से पास होना है तो वह 20 हजार रुपए दे, हम उसके स्थान पर दूसरा परीक्षार्थी बैठा देंगे जिससे पेपर अच्छे हो जाएंगे। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि वे पैसे नहीं देंगे तो उनका भविष्य बर्बाद कर देंगे।
आरोप है कि 3 मार्च को जब उसका बेटा परीक्षा देने गया तो वह अपने साथ अपने बड़े भाई को भी ले गया। जैसे ही वे परीक्षा केंद्र पर पहुंचे तो वहां पर पहले से ही पुलिस आई हुई थी, जिसने बिना जांच के उसके बड़े बेटे को फर्जी परीक्षार्थी के रूप में गिरफ्तार कर लिया। जबकि जब 5 मार्च को उसका बेटा अपनी परीक्षा देने गया तो पुलिस ने उसे भी असल परीक्षार्थी के रूप में गिरफ्तार करवा दिया।
इस संदर्भ में स्कूल के संचालक एवं प्रिंसीपल इरसान खान ने कहा कि यह आरोप पूरी तरह से झूठे हैं। परीक्षाओं में हमारी कोई भूमिका नहीं है। एसपी विजय प्रताप ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की जांच चल रही है।