दो गवाहों के हुए बयान दर्ज
घटनास्थल की 26 रिपोर्ट भी अदालत मेंं सीबीआई ने की पेश
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। प्रिंस हत्याकांड में सीबीआई ने बृहस्पतिवार को दो गवाहों के बयान अदालत में दर्ज कराए हैं। इसके साथ ही सीबीआई की सीएफएसएल टीम ने अदालत में घटनास्थल से लिए सबूत व सैंपल की 26 जांच रिपोर्ट अदालत में पेश की। बृहस्पतिवार को फोरेंसिक विभाग के जीव विज्ञान व रसायन विज्ञान के एक्सपर्ट के बयान अदालत में दर्ज हुए हैं। मामले में आगामी सुनवाई के लिए अतिरिक्त सत्र व न्यायाधीश तरुण सिंघल की अदालत ने 31 मार्च की तारीख तय कर दी है।
पीड़ित पक्ष के अधिवक्ता सुशील टेकरीवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को सीबीआई की तरफ से सीएफएसएल विभाग के सीनियर साइंटिफिक जीवविज्ञान के डाॅ. कमल चौहान और प्रमुख वैज्ञानिक अधिकारी रसायन विभाग के वीबी रामटेक के बयान दर्ज किए गए। 31 मार्च को बचाव पक्ष सिर्फ सीनियर साइंटिफिक जीव विज्ञान का ही क्रॉस एग्जामिनेशन करेगा। इसके साथ ही सीबीआई ने इस मामले में सील बंद 26 फॉरेंसिक रिपोर्ट को अदालत में पेश किया । इसके साथ ही सीबीआई ने आरोपी भोलू का स्कूल बैग , ड्रेस व जूते भी अदालत में पेश किए। सीबीआई इस मामले में 31 मार्च को एक गवाह पेश करेगी। इसके साथ ही बचाव पक्ष गवाह का क्रॉस एग्जामिनेशन करेगा।