-जीएमसीबीएल ने डीएचबीवीएन में बिजली कनेक्शन के लिए किया आवेदन
-बनाए जाएंगे 64 चार्जिंग पॉइंट
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के सेक्टर-10 स्थित बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यहां पर 64 चार्जिंग पॉइंट बनाए जाएंगे। डिपो में पांच एमवीए क्षमता के बिजली कनेक्शन के लिए जीएमसीबीएल प्रबंधन की ओर से दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) में आवेदन भी किया गया है।
जीएमसीबीएल की ओर से गुरुग्राम शहर में विभिन्न रूटों पर 100 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। आगामी छह माह में इलेक्ट्रिक बसों के मिलने की उम्मीद है। पिछले दिनों ट्रांसपोर्ट विभाग के महानिदेशक ने जीएमसीबीएल अधिकारियों के साथ बैठक में इलेक्ट्रिक बसों पर चर्चा की। इसमें छह माह में इलेक्ट्रिक बसों के आने की बात कही गई थी। ऐसे में सेक्टर-10 स्थित बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई हैं। गुरुग्राम में 18 लाख की आबादी का आकलन जीएमसीबीएल की ओर से किया गया है।
जीएमसीबीएल के संयुक्त सीईओ जितेंद्र गर्ग ने बताया कि डीएचबीवीएन में बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया है। बिजली कनेक्शन के लिए लगभग एक करोड़ रुपये की राशि जमा करवाई है। कनेक्शन मिलने के उपरांत चार्जिंग स्टेशन में पॉइंट तैयार करवाए जाएंगे।