गुरुग्राम। नए शैक्षणिक सत्र 2021-22 में गुरुग्राम के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में 4 नए कोर्स शुरू किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। चारों कोर्स में 20-20 सीटें होंगी। विभाग को कोर्स शुरू करने की प्रपोजल रिपोर्ट भेजी जा चुकी है जिसको नए सत्र में दाखिला प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही अनुमति मिलने की संभावना है।
चार नए कोर्स में वास्तु शिल्पकार, डिजिटल फोटोग्राफर, भौतिक चिकित्सा तकनीशियन और स्वास्थ्य स्वच्छता निरीक्षक कोर्स शामिल हैं। अगर यह चारों कोर्स शुरू किए जाते हैं तो जिले के 80 छात्रों को दाखिला मिल सकेगा और वे इन क्षेत्रों में अपना रोजगार प्राप्त कर सकेंगे। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के प्राचार्य जयदीप कादयान ने बताया कि चार कोर्स के लिए विभाग को प्रपोजल भेजा गया है। जल्द ही इसे शुरू करने की अनुमति मिल सकती है। इसके बाद इन कोर्स में नए शैक्षणिक सत्र के तहत दाखिला के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। चारों कोर्स के लिए 80 सीटों को तय किया गया है।