गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी, साइबर सिटी के नाम से मशहूर गुरुग्राम अब ग्लोबल सिटी के नाम से भी जाना जाएगा। 1008 एकड़ में इसको बसाने की योजना तैयार की जा रही है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शनिवार को एक निजी टीवी चैनल के कार्यक्रम में इसका एलान किया।
उन्होंने कहा कि एचएसआईआईडीसी इसको तैयार करेगी। इसमें स्कूल, हॉस्पिटल, उद्योग और अन्य सुविधाएं होंगी। इसके लिए जमीन की उपलब्धता करा कर जल्द ही योजना को जमीन पर उतारा जाएगा। इसके साथ ही आगामी 19 मई को मारुति के साथ 40 वर्षों के विकास का कार्यक्रम होगा, जिसमें मुख्यमंत्री मनोहर लाल शामिल होंगे।
इस कार्यक्रम में शामिल हुए गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेएन मंगला ने बताया कि उन्होंने उद्यमियों की ओर से इस कार्यक्रम में पांच प्रमुख बिंदु डिप्टी सीएम के समक्ष रखे। जिसमें लोहा सहित कच्चे माल की कीमतें कम करने, सरकारी भूमि के स्थानांतरण पर त्वरित कार्रवाई करने, उद्योगों को सस्ती जमीन उपलब्ध कराने, भूमि बेच कर उद्योग लगाने पर कैपिटल गेन टैक्स खत्म करने की मांग प्रमुख रूप से शामिल है। इस पर डिप्टी सीएम ने उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।