आतंकी घटना में मारे गए लोगों को नमाज के दौरान मौन धारण कर दी श्रद्धांजलि
लेजर वैली ग्राउंड में नहीं पढ़ी गई नमाज, शहर में पुलिस रही तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने पहलगाम में हुई आतंकी घटना की निंदा की है। इसी कड़ी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को जुमे की नमाज पढ़ने से पहले दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।
नमाजियों ने देश में अमन-चैन लिए दुआ मांगी। नमाज के दौरान मस्जिदों पर पुलिस मुस्तैद रही। नमाजियों ने पुलिस की देखरेख में नमाज पढ़ी। जम्मू कश्मीर में हुई आतंकी घटना से आमजन में आक्रोश को देखते हुए लेजर वैली ग्राउंड में नमाज नहीं पढ़ी गई। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी वहां पर मौजूद रहे। गुरुग्राम की सोहना चौक स्थित जामा मस्जिद, एक्सप्रेस वे स्थित ईदगाह, सराय अलावर्दी, अंजुमन जामा मस्जिद सहित 15 मस्जिदों के साथ-साथ पांच स्थानों पर घरों की बेसमेंट में नमाज पढ़ी गई। सेक्टर 57 अंजुमन मस्जिद के इंचार्ज इकरामुदिन ने कहा कि पहलगाम में हुई घटना बेहद दुखद है। इस घटना के बाद पूरा देश गमगीन और गुस्से से भरा हुआ है। यह हमला देश की एकता और अखंडता पर हमला है। अब्दुल हासीब ने बताया कि लोगों में आतंकी घटना से आक्रोश है, जिसको देखते हुए लेजर वैली ग्राउंड में नमाज पढ़ना उचित नहीं समझा। उन्होंने बताया कि पांच जगहों पर घरों की बेसमेंट में नमाज पढ़ाई गई।