पेज दो की प्रस्तावित लीड...
बसई नहरी पेयजल शोधन संयंत्र से सेक्टर-16 तक बिछेगी नई मास्टर पाइपलाइन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। ओल्ड गुरुग्राम और डीएलएफ क्षेत्र में अब पेयजल आपूर्ति और बेहतर होगी। इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुधार के लिए बसई नहरी पेयजल शोधन संयंत्र से लेकर सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन तक 11.5 किमी मास्टर पाइपलाइन बिछाने की योजना है।
करीब 110 करोड़ की इस परियोजना के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) जल्द विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाएगा। इस परियोजना को जीएमडीए बोर्ड की बैठक में सीएम से मंजूरी मिल चुकी है। गुरुग्राम-मानेसर अर्बन मास्टर प्लान 2031 के मद्देनजर जिले में पेयजल व्यवस्था को और मजबूत किया जाना है। जहां पाइपलाइनें पुरानी हो गईं हैं, उन्हें बदला जाना है और जहां नहीं हैं, वहां नई पाइपलाइनें बिछाई जानी हैं। इसी कड़ी में जीएमडीए नए पानी शोधन संयंत्र के साथ लाइनों को भी दुरुस्त करा रहा है। अब शहर को पेयजल आपूर्ति के हिसाब से अलग-अलग जोन में बांटा जा रहा है, जिससे सभी क्षेत्राें में पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति हो सके।
इसी के चलते उद्योग विहार, डीएलएफ और सुशांत लोक क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को मजबूत किया जाना है। इसके लिए बूस्टिंग स्टेशन सेक्टर-16 से अलग-अलग मास्टर पाइपलाइन डाली जाएगी। ऐसे में बूस्टिंग स्टेशन सेक्टर-16 में पानी की क्षमता बढ़ाने के लिए नई मास्टर पाइपलाइन डाली जानी है। मौजूदा 1300 एमएम पाइपलाइन से 170 एमएलडी के बजाय 200 एमएलडी पानी की आपूर्ति हो रही है। मौजूदा पाइप लाइन में लीकेज से पानी आपूर्ति बाधित होती है। ऐसे में पानी शोधन संयंत्र बसई से बूस्टिंग स्टेशन सेक्टर-16 की मौजूदा 1300 एमएम पाइपलाइन को बदला जाना है, क्योंकि सेक्टर-16 में बूस्टिंग स्टेशन को भी भविष्य की अनुमानित मांग के अनुसार अपग्रेड किया जा रहा है। बसई से सेक्टर-16 स्थित बूस्टिंग स्टेशन 311 एमएलडी पानी ले जाना है।
जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अभिनव वर्मा ने बताया कि सीएम से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना की डीपीआर तैयार करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि नई मास्टर लाइन बिछने के बाद पेयजल आपूर्ति में सुधार होगा। उनके अनुसार सेक्टर-16 में बूस्टिंग स्टेशन से अलग-अलग से पाइप लाइन डाली जाएगी। पानी सप्लाई बेहतर करने के लिए सेक्टर 16 बूस्टिंग स्टेशन का विस्तार किया जा रहा है। इसमें नया पंप हाउस बनाने, पैनल कमरा, पंपिंग मशीनरी समेत अन्य प्रकार के कार्य शामिल हैं। इस पर काम चल रहा है। अभी बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट 370 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है। संयंत्र की क्षमता बढ़ाई जा रही है और 100 एमएलडी का नया संयंत्र निर्माण की प्रक्रिया चल रही है।
इन क्षेत्राें में बढ़ेगी पानी की आपूर्ति
सेक्टर-16 बूस्टिंग स्टेशन से इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जाती है। इसमें सेक्टर 14, सेक्टर 15 (चंदर नगर कॉलोनी), सेक्टर-16, सेक्टर-17 (गांव सुखराली), सेक्टर-18 (गांव सिरहोल), सेक्टर-19 (एचएसआईआईडीसी फेज-IV और V), सेक्टर-20 (एचएसआईआईडीसी फेज-दो, दो और तीन), सेक्टर-24 (डीएलएफ-तीन) और 25ए (डीएलएफ-2 और नाथूपुर), सेक्टर-25ए (डीएलएफ-2 और नाथूपुर), सेक्टर-25 (डीएलएफ-II), सेक्टर-26 (डीएलएफ-1 और सिकंदरपुर),सेक्टर-26ए (डीएलएफ-1), सेक्टर-27 (डीएलएफ-IV और एसएल-I), सेक्टर-28 (एसएल-1 और चक्करपुर), सेक्टर-29,सेक्टर-30 (साउथ सिटी-1, सैनी खेड़ा, सिलोखेड़ा), सेक्टर-31,सेक्टर-39 पार्ट (गांव जाहरसा), सेक्टर-40, सेक्टर-41 (साउथ सिटी-I),सेक्टर-43 (एसएल-1) शामिल हैं। नई पाइनलाइन डाली जाने के बाद इन क्षेत्रों के साथ सेक्टर-9बी (ग्राम बसई), सेक्टर-10 (ग्राम कादीपुर), सेक्टर-10ए, सेक्टर-11 (शिवाजी नगर एवं 4/8 मारला), सेक्टर-37, सेक्टर-37सी/डी, पेस सिटी, हरि नगर, हंस एन्क्लेव, ग्राम कादीपुर, ग्राम खांडसा, राज नगर, शांति नगर,पुरानी जेल परिसर क्षेत्र, सदर बाजार, रोशनपुरा, सिविल लाइन,सेक्टर-15 भाग-1 और 2, सेक्टर-32,सेक्टर-34, सेक्टर 38 (मेडिसिटी) में भी पानी की सप्लाई बढ़ जाएगी।
इन रूटों पर बिछेंगी नई पाइपलाइनें
- बसई संयंत्र से उमंग भारद्वाज चौक तक 4350 मीटर 1800 एमएम की पाइपलाइन।
- उमंग भारद्वाज चौक से हीरो-होंडा चौक तक लगभग 2000 मीटर में 1600 एमएम की लाइन।
- हीरो होंडा चौक से राजीव तक एनएच-48 के साथ 3700 मीटर 1600 एमएम की लाइन।
- राजीव चौक से सेक्टर-16 में बूस्टिंग स्टेशन तक एनएच-48 के साथ 3300 मीटर मौजूदा 1200 एमएम की पाइप के अतिरिक्त 800 एमएम की पाइप डाली जाएगी।