संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सोहना स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में 15 जून को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेला आयोजित किया जाएगा। इसमें विभिन्न औद्योगिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठान युवाओं को अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसर देने के लिए शामिल होंगे।
आईटीआई सोहना की जानकारी के अनुसार मेले में करीब 12 से 15 कंपनियां भाग लेंगी। विभिन्न ट्रेडों से संबंधित 500 से अधिक रिक्त पदों के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा। इनमें कंप्यूटर ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, पेंटर, वेल्डर, आरएंडएसी समेत कई ट्रेड शामिल हैं। मेले में हीरो मोटोकॉर्प नीमराना, किरत प्लास्टिक, हाई-टेक एंटरप्राइजेज, गोदरेज एंड बॉयस, अरविंद इंफ्रा, रेड्डी फाउंडेशन, एनआईआईटी गुरुग्राम, एलआईसी सोहना, जय भारत मारुति और हरियाणा रोडवेज जैसे कई प्रतिष्ठान शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की आवश्यकता और नियमों के अनुसार प्रतिमाह 15 हजार से 20 हजार रुपये तक स्टाइपेंड दिया जाएगा। आईटीआई सोहना की प्राचार्य सोनिका ने बताया कि मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड तथा नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे।