रविवार सुबह 7 से 8 घंटे बिजली नहीं आने से प्रभावित हुई दिनचर्या
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। फर्रुखनगर क्षेत्र की खजूर कॉलोनी में करीब 18 से 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, गुरुग्राम के कई इलाकों में भी रविवार सुबह से 7 से 8 घंटे तक बिजली नहीं आने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही।
खजूर कॉलोनी में बिजली गुल रहने के कारण लोगों को बिना पंखे, कूलर और एसी के समय काटना पड़ा। वहीं पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। इसके अलावा घर के रोजमर्रा के बुनियादी काम करने में भी परेशानी हुई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शिकायत देने के बाद भी बिजली बहाल करने में काफी समय लगा।
स्थानीय निवासी कुनाल, मोंटी, राजविंदर, फूल सिंह, वीपी मीणा, विवेक सहित अन्य लोगों का कहना है कि हर बार बारिश के दौरान बिजली व्यवस्था बिगड़ जाती है। बार-बार आने वाले बिजली के फॉल्ट का स्थायी समाधान हो जाए तो इस बिजली की समस्या से निजात मिल सकती है।
खजूर कॉलोनी में दो पॉल गिर गए थे, जिसको ठीक करने के लिए विभाग की टीम लगी हुई है। जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। -सचिन, एसडीओ, सब-डिवीजन, फर्रुखनगर