सेक्टर-99 के 220 केवी सबस्टेशन के लिए एचवीपीएनएल को मिलेगी राइट ऑफ वे
नंबर गेम - 10 दिन में होगा अलाइनमेंट तय
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जीएमडीए ने सेक्टर-99 स्थित 220 केवी सबस्टेशन को चालू करने के लिए हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) को राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) देने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इसके लिए अगले 10 दिन में ट्रांसमिशन लाइन का अंतिम अलाइनमेंट तय करने और यूटिलिटी नेटवर्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त समिति गठित की गई है।
यह फैसला जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा की अध्यक्षता में एचवीपीएनएल के प्रबंध निदेशक डॉ. आदित्य दहिया और दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में लिया गया। बैठक में एचवीपीएनएल ने द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ उपलब्ध जीएमडीए की राइट ऑफ वे का उपयोग कर सेक्टर-99 के नए 220 केवी सबस्टेशन को दौलताबाद फीडर और मानेसर से जोड़ने के लिए 220 केवी लाइन-इन लाइन-आउट (एलआईएलओ) ट्रांसमिशन लाइन बिछाने की अनुमति मांगी।
सीईओ मीणा ने कहा कि ट्रांसमिशन लाइन के अलाइनमेंट से जुड़े मुद्दों का सैद्धांतिक समाधान कर लिया गया है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रस्ताव को आगे बढ़ाते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि जीएमडीए के मौजूदा जलापूर्ति, सीवरेज और ड्रेनेज नेटवर्क पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। इसके लिए एचवीपीएनएल के अधीक्षण अभियंता केके सरकार की अध्यक्षता में संयुक्त समिति का गठन किया गया है। समिति में एचवीपीएनएल और जीएमडीए के जलापूर्ति, सीवरेज तथा ड्रेनेज विंग के अधिकारी शामिल हैं।
समिति प्रस्तावित रूट का संयुक्त निरीक्षण कर 10 दिनों के भीतर अंतिम अलाइनमेंट तय करेगी। एचवीपीएनएल अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित ट्रांसमिशन लाइन के लिए ग्राउंड और ट्रेंचिंग सर्वे पूरा हो चुका है। द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ जीएमडीए की राइट ऑफ वे में एलआईएलओ कॉन्फिगरेशन के तहत लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए करीब 19 मोनोपोल स्थापित किए जाएंगे। सीईओ ने कहा कि सेक्टर-99 का 220 केवी सबस्टेशन चालू होने से न्यू गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे सेक्टरों में बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी।