फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: विदेशी महिला के शव का हुआ पोस्टमार्टम, एक्सीडेंट में चोटों के कारण मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
दूतावास से एनओसी मिलने के बाद ही कराया जा सका पोस्टमार्टम, बिसरा जांच के लिए भेजा
विज्ञापन


युगांडा दूतावास के अधिकारी शव को लेकर गुरुग्राम पुलिस से कर रहे समन्वय




अमर उजाला ब्यूरो

गुरुग्राम। मानेसर थाना क्षेत्र में आईएमटी मानेसर फ्लाईओवर के पास रविवार की सुबह अर्धनग्न अवस्था में मृत मिली महिला के शव का मंगलवार की देर शाम डॉक्टरों के गठित बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। दिल्ली स्थित युगांडा दूतावास के नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी) मिलने के बाद ही मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकी। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार महिला की मौत की वजह दुर्घटना में लगी चोटों को बताया जा रहा है। हालांकि बिसरा को लैब में जांच के लिए भेजा गया है ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

युगांडा के कंपाला शहर निवासी नसीमवा मेडिना पिछले कुछ समय से दिल्ली में रहती थी और वहां पर एक सैलून में काम करती थी। मृत महिला के बारे में गुरुग्राम पुलिस ने पहचान करके युगांडा के दूतावास में जानकारी दी। दूतावास ने मृत महिला के परिजनों से संपर्क किया और मामले के बारे में बताया। अभी तक मृतका के परिजन या दूतावास के अधिकारी गुरुग्राम नहीं पहुंचे हैं। हालांकि मृतका के कई दोस्त पिछले तीन दिनों से मोर्चरी में आ रहे हैं।
विज्ञापन





एनओसी के बाद हुआ पोस्टमार्टम

मृत महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए गुरुग्राम पुलिस की टीम तीन दिन से भागदौड़ कर रही थी। रविवार को युगांडा दूतावास में संपर्क करके मृतका के बारे में जानकारी हासिल की गई। वहीं, सोमवार को पुलिस ने एनओसी के लिए युगांडा दूतावास को मेल भेजी और एक पुलिसकर्मी को फोटोप्रति के साथ दूतावास भेजा गया। मंगलवार को मामले के जांच अधिकारी एनओसी लेकर आए और देर शाम को पोस्टमार्टम हो सका।





पोस्टमार्टम में दुर्घटना से मौत होने की जताई वजह

युगांडा निवासी मृत महिला के पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का बोर्ड गठित किया गया था। मंगलवार की देर शाम हुए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों के अनुसार महिला की मौत की वजह दुर्घटना में लगी चोटों को बताया जा रहा है। हालांकि बिसरा को लैब में जांच के लिए भेजा गया है ताकि मौत की सही कारणों का पता चल सके। वहीं, बिसरा जांच में यह भी पता चल सकेगा कि महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं। पोस्टमार्टम और बिसरा की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में सही वजह का पता चल सकेगा।




60 घंटे बाद भी आरोपी की पहचान नहीं
रविवार की सुबह करीब 5.30 बजे पुलिस को विदेशी महिला का शव मिलने के 60 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद मंगलवार की देर शाम तक महिला की मौत के बारे में खुलासा नहीं हो पाया है। महिला की मौत मामले में संलिप्त आरोपी की पहचान अभी तक पुलिस नहीं कर पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हैं।




शव ले जाने को लेकर आज लिया जा सकता है निर्णय

मृत महिला के शव को लेकर बुधवार युगांडा दूतावास द्वारा निर्णय लिया जा सकता है। मंगलवार की देर शाम हुए शव का पोस्टमार्टम के दौरान दूतावास के अधिकारी माैजूद नहीं थे। ऐसे में कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद बुधवार को शव गुरुग्राम से ले जाया जा सकता है। फिलहाल भी पुलिस भी इस बारे में कुछ नहीं बोल रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल युगांडा दूतावास की ओर से ही इसके बारे में निर्णय लिया जाना है।
विज्ञापन




मामले में जांच अधिकारी मुकेश ने बताया कि मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। इसके बारे में युगांडा दूतावास को भी सूचना दे दी गई है। शव फिलहाल मोर्चरी में रखा है। गुरुग्राम पुलिस के अधिकारी युगांडा दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में हैं। दूतावास की ओर से शव को लेकर निर्णय लिया जाएगा और पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।




विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें