गुरुग्राम। पिछले दिनों सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर सत्यवीर सिंह मलिक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। जिसके मुताबिक सत्यवीर मलिक की सड़क हादसे में मौत पर संदेह जाहिर किया गया है। उनके सिर व शरीर के कई अन्य अंगों में चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। ऐसे में उनकी हत्या किए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। परिजन शुरुआत से ही हत्या की आशंका व्यक्त करते रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मानेसर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सत्यवीर सिंह मूल रूप से जींद जिले के गांव अंक्षराकला के निवासी थे। वह अपने परिवार के साथ आईएमटी मानेसर क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-1 स्थित रामदीप सोसाइटी में रहते थे। पहले वह सेना में थे, जहां से रिटायर होने के बाद कॉपरेटिव विभाग में बतौर सब इंस्पेक्टर ज्वाइन किया था। 13 जनवरी की सुबह वह कार्यालय जाने के लिए घर से निकले थे। शाम 7 बजे तक नहीं लौटने पर उनके बेटे अमित ने कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला था। रात लगभग 10 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के नजदीक कार में उनकी लाश मिली थी।