डीसीपी ट्रैफिक ने कैब कंपनियों के प्रबंधन के साथ की बैठक, नशे में रहने वालों को उपलब्ध कराई जाएगी कैब
पुलिस ने 3200 जवानों को सड़क पर उतारने का प्लान तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नए साल पर शांति से जश्न मनाने वालों की मौज-मस्ती में पुलिस खलल नहीं डालेगी। पुलिस का रवैया उनके साथ नरम होगा। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा की ओर से अपने अधिकारियों को दिए गए निर्देश में इस बात का खयाल रखने को कहा गया है कि पुलिस हर किसी का सहयोग करेगी। कोई अगर शरारत करता पाया जाता है तो उसे नहीं छोड़ेगी। किसी ने ज्यादा शराब पी ली है तो उसे कैब के माध्यम से उसके घर पहुंचाया जाएगा।
इसके लिए डीसीपी ट्रैफिक ने कैब उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के प्रबंधकों के साथ बैठक की है। जिनको 31 दिसंबर की रात को आवश्यकतानुसार तुरंत कैब उपलब्ध कराने को कहा गया है। अधिक नशे की हालत में होने पर पुलिस की ओर ऑनलाइन कैब बुक करके उसे घर तक भेजा जाएगा। नए साल के जश्न को लेकर कमिश्नरेट की पुलिस ने 3200 जवानों को सड़क पर उतारने का प्लान तैयार किया है। 2500 पुलिस के जवानों में एसीपी, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर , एएसआई, हवलदार व सिपाही शामिल है। जबकि 700 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है।
सबसे अधिक पुलिस बल की तैनाती ईस्ट जोन में की गई है। 32 पुलिस नाके के साथ पार्किंग से लेकर सेक्टर 29 की मार्केट में सादी वर्दी में जवान तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही बादशाहपुर व सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में नए साल का जश्न मनाने वालों की भीड़ होने का अनुमान है।
आबकारी विभाग ने अब तक 72 लोगों को जारी किया अतिरिक्त लाइसेंस
आबकारी विभाग की ओर से साइबर सिटी में 340 लोगों को पब, बार, रेस्टाेंरेंट, अहाते में शराब परोसने की अनुमति है। इन संचालकों की ओर से फीस जमा की गई है। 31 दिसंबर के नाम पर आयोजित कार्यक्रम को लेकर इनसे इतर 72 अन्य लोगों ने अतिरिक्त लाइसेंस लिया है। इसमें अरावली फार्म हाउस से लेकर सोसाइटी के लोग शामिल हैं। 14 लाइसेंस सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में ऐसे दिए गए हैं जहां पर रात भर शराब परोसने की अनुमति है। यहां पर पुलिस जवानों की तैनाती दो शिफ्ट में की गई है। रात दो बजे के बाद दूसरी शिफ्ट के लोग तैनात किया गया है।
शाम पांच बजे से पुलिस नाके हो जाएंगे सक्रिय
नए साल के जश्न पर सघन जांच के लिए लगाए जाने वाले नाके पर इंस्पेक्टर व एसआई सहित 20 लोगों को तैनात किया गया है। हर क्षेत्र का एसीपी अपने नाकों का सुपरविजन करेगा। यह पुलिस के नाके 31 दिसंबर शाम पांच बजे सक्रिय हो जाएंगे। जो नए साल की अल सुबह तक सक्रिय रहेंगे।
-
वर्जन
नए साल का जश्न मनाने वालों का पुलिस सहयोग करेगी। उनके मनोरंजन में किसी तरह की बाधा न पैदा हो इसका खयाल रखेंगी। इसके साथ ही शरारत करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं छोड़ा जाएगा। जश्न मनाने आने वालों से अपील है कि सुरक्षा व शांति के लिए कमिश्नरी की पुलिस का सहयोग करें। - विकास अरोड़ा, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम