गुरुग्राम। बढ़ते कारोना के मामले व दिल्ली मेें एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन के बाद शहर की पुलिस ने भी बिगड़ते हालातों से निपटने की पहल की है। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर ने सोमवार को अपने अधीनस्थों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों से साफ किया है कि बिना वजह घर से निकलने वाले, भीड़ जुटाने वाले व गाइडलाइनों का पालन न करने वालों के खिलाफ पुलिस अब सख्ती से पेश आएगी। इस बीच लोगों से गाइडलाइन पालन करने के लिए अपील भी जारी रहेगी व जरूरतमंदों का मास्क भी बांटे जाएंगे।
दिल्ली में एक सप्ताह के लॉकडाउन की घोषणा के बाद गुरुग्राम पुलिस ने भी कुछ घंटे बाद शहर में कोरोना से बचाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देशों को अमल में लाने की बात कही। पुलिस कमिश्नर केके राय ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस कर्मी शहर में भीड़ वाले स्थान जैसे बस स्टैंड, होटल, बैंक्वेट हॉल, रेलवे स्टेशन, कैफे और मंडी आदि पर विशेष नजर रखें। यहां नियमों को तोड़ते हुए लोगों के खिलाफ सख्ती से पेश आएं। बिना वजह भीड़ जुटा रहे लोगों पर तत्परता से कार्रवाई करें।
बिना मास्क चालानों में लाएंगे तेजी
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि पुलिस कर्मी बिना मास्क लोगों के चालान करने में तेजी लाए। जरूरतमंद लोगों को मास्क बांटने का काम भी किया जाए।
कहीं भी भीड़ एकत्रित न होने दें
पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करते रहें। निर्धारित संख्या से मौके पर अधिक लोग होने पर कार्रवाई करें। लोगों को अपील के माध्यम से भी समझाएं। कहीं पर भी भीड़ एकत्रित न होने दें।