जिले के थाना सदर तावडू क्षेत्र के गांव पचगांव में आज तड़के 3 बजे गौकशी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने अवैध हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपियों को घायल कर हिरासत में लिया, जबकि तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
सीआईए तावडू के इंचार्ज उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पचगांव के पहाड़ी क्षेत्र में छापेमारी की। वहां ताहिर पुत्र दिल्लू, राहिल पुत्र दिल्लू, सहजाद पुत्र दीनू और 3-4 अज्ञात व्यक्ति गौकशी करते पाए गए।
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने अवैध हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलीबारी की, जिसमें ताहिर, राहिल और सहजाद के पैर में गोली लगी। फरार होने की कोशिश में एक आरोपी ने सिपाही अजय के माथे पर छुरी फेंककर हमला किया, जिससे वह घायल हो गए।
पुलिस ने घायल आरोपियों को राजकीय मेडिकल कॉलेज नलहड़, नूंह में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने दो जिंदा गाय, एक कटी हुई गाय, दो देसी कट्टे, तीन छुरियां, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और दो कुल्हाड़ियां बरामद कीं। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की निगरानी और छापेमारी जारी है। पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, और पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।