अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) का पेपर शनिवार को दो शिफ्टों में आयोजित हुआ। परीक्षा देने के लिए गुरुग्राम आए अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचाने में पुलिस ने मदद की। विभिन्न जिलों से सीईटी की परीक्षा देने आए 117 अभ्यर्थियों को पुलिस ने उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। सीईटी के दौरान प्रशासन ने सभी पुलिस नाकों, चौक-चौराहों और परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया हुआ था ताकि सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और परीक्षा देने आए अभ्यार्थियों को परेशानी न हो।
शनिवार को दो शिफ्टों में सीईटी देने आने वाले अभ्यर्थी किसी भी कारण से लेट हो गए, कोई अभ्यर्थी गलत परीक्षा केंद्र में पहुंच गया या फिर किसी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र नहीं मिला तो गुरुग्राम पुलिस ने उन्हें समय पर उनके केंद्र तक पहुंचने में मदद की। शनिवार को एक बस खराब हो गई तो गुरुग्राम पुलिस ने अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था की ताकि वे केंद्र में समय पर प्रवेश कर सकें और उनकी परीक्षा न छूट जाए। वहीं, अभ्यर्थियों से भरी एक बस को परीक्षा केंद्र नहीं मिला तो पुलिसकर्मियों ने मदद करके केंद्र तक पहुंचाया।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों बसों में 103 अभ्यर्थी सवार थे। वहीं, 14 ऐसे अभ्यर्थी थे जो किसी भी कारण से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में लेट हो रहे थे, गलत परीक्षा केंद्र में पहुंच गए थे या फिर केंद्र नहीं पहुंच पाए थे, उनको पुलिस ने मदद करके उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
पुलिस ने गाड़ियों से अभ्यर्थियों को पहुंचाया परीक्षा केंद्र
सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय/हाईवे) सत्यपाल यादव ने परीक्षा में लेट हो रहे महम से आए अभ्यर्थी परमजीत को पुलिस की राइडर से परीक्षा केंद्र पहुंचवाया। हीरो होंडा चौक पर यातायात पुलिस में तैनात कांस्टेबल बलराम ने अपनी राइडर पर मानेसर क्षेत्र के राजकीय स्कूल नाहरपुर कासन में बने परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
फर्रुखनगर के पास केएमपी पर कार खराब होने पर महिला अभ्यर्थी को देर हो रही थी। केएमपी पर तैनात यातायात इंस्पेक्टर मनोज ने महिला अभ्यर्थी व उसके परिजन को राजकीय स्कूल खोह में बने परीक्षा केंद्र पर पहुंचाया। वहीं, द्वारका एक्सप्रेसवे पर इंस्पेक्टर सविता ने भी अपनी गाड़ी से दो अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में मदद की।