सौंफ में ड्राई आईस से झुलसी थी, रेस्तरां पर गंभीर लापरवाही का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-70 स्थित एलान एपिक मॉल के एक रेस्तरां में सौंफ में ड्राई आईस से बैंक मैनेजर की जीभ झुलसने के मामले में क्या कार्रवाई करनी चाहिए, इसे लेकर पुलिस कानूनी राय ले रही है। कानूनी राय आने के बाद ही पुलिस तय करेगी कि मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाए या नहीं। बादशाहपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विजयपाल ने कहा कि कानूनी राय के अनुसार ही मामले में कार्रवाई की जाएगी। हादसे में घायल मयंक एक निजी बैंक में मैनेजर हैं और सेक्टर-52 में रहते हैं। वे अपने परिवार के साथ डिनर के लिए रेस्तरां पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, भोजन के बाद मयंक ने माउथ फ्रेशनर के रूप में सौंफ मांगी थी। आरोप है कि स्टाफ की गलती से उन्हें सौंफ की जगह ड्राई आइस दे दी गई। जैसे ही मयंक ने इसे मुंह में रखा, उन्हें तुरंत तेज जलन और दर्द महसूस हुआ। कुछ ही पलों में उनकी जीभ, होंठ और गले के अंदरूनी हिस्से में गंभीर जलन और चोट के निशान दिखाई देने लगे।
स्थिति बिगड़ने पर उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में जांच की गई। डॉक्टरों के अनुसार, ड्राई आइस के संपर्क से ऊतक क्षति और रासायनिक जलन हो सकती है, जिसके कारण यह गंभीर स्थिति बनी। पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने रेस्तरां स्टाफ को वही सौंफ खाने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया, जिससे उनकी लापरवाही और स्पष्ट हो जाती है। इस मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है और सौंफ के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।