फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: बख्तावर चौक पर बनेगा डबल डेकर कॉरिडोर

विज्ञापन
विज्ञापन
पहले स्तर पर एलिवेटेड रोड और दूसरे स्तर पर मेट्रो चलेगी
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो

गुरुग्राम। बख्तावर चौक पर अब अंडरपास की जगह डबल डेकर कॉरिडोर बनाने की तैयारी की जा रही है। योजना के अनुसार, पहले स्तर पर एलिवेटेड रोड और दूसरे स्तर पर मेट्रो वायाडक्ट एवं स्टेशन बनाया जाएगा।
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने पहले बख्तावर चौक पर अंडरपास बनाने की योजना तैयार की थी। चौक पर एक मल्टीनेशनल कंपनी की बिल्डिंग निर्माणाधीन है और कंपनी ने अंडरपास निर्माण के लिए जीएमडीए को वित्तीय सहयोग भी दिया था। हालांकि, इस रूट पर मेट्रो कॉरिडोर बनने के कारण अंडरपास निर्माण की जिम्मेदारी जीएमडीए ने गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) को सौंप दी।
विज्ञापन


वहीं, मेट्रो की डिटेल डिजाइन कंल्सटेंट ने सुझाव दिया है कि यहां अंडरपास की बजाय डबल डेकर कॉरिडोर अधिक उपयुक्त रहेगा। इसके बाद जीएमआरएल ने पूरी योजना जीएमडीए को प्रस्तुत की। इस मुद्दे पर निजी कंपनी के साथ भी अंडरपास और डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर को लेकर चर्चा हुई। जीएमडीए और कंपनी की ओर से कहा गया कि जो विकल्प बेहतर और व्यावहारिक हो, उसी पर काम किया जाए। कंपनी प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि डबल डेकर कॉरिडोर में आरई वॉल का कम से कम इस्तेमाल किया जाए।

जीएमआरएल ने कुछ दिन पहले इस प्रस्ताव की जानकारी केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय को दी। जीएमआरएल के एक अधिकारी के अनुसार, मंत्रालय ने डबल डेकर कॉरिडोर पर सहमति जता दी। हालांकि, बैठक के आधिकारिक नोट्स का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, मंत्रालय और वरिष्ठ अधिकारियों ने कॉरिडोर में किसी अन्य बदलाव से इनकार कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पहले से तय कॉरिडोर के अनुसार ही निर्माण कार्य होंगे। उल्लेखनीय है कि हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक सड़क को अब एलिवेटेड बनाया जाना है। यहां भी डबल डेकर कॉरिडोर पर चर्चा हुई थी लेकिन इसे मंजूरी नहीं मिली। इस हिस्से में सड़क और मेट्रो के अलग-अलग कॉरिडोर बनाए जाएंगे। जीएमआरएल ने उद्योग विहार फेज-6 स्टेशन के डिजाइन में भी बदलाव किया है।
नहीं होगा जलभराव
बख्तावर चौक पर डबल डेकर कॉरिडोर होने से जलभराव की समस्या नहीं आएगी और यातायात बेहतर होगा। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से ट्रैफिक क्षमता में करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी होगी। निर्माण कार्य के दौरान चौक पर यातायात ज्यादा प्रभावित नहीं होगा। एलिवेटेड होने से सीवर-पानी की लाइनें नहीं हटाने पड़ेगी। जीएमआरएल पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक मेट्रो निर्माण कार्य जारी है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड भारत सरकार और हरियाणा सरकार की संयुक्त उद्यम कंपनी है, जिसमें दोनों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

शहर का सबसे व्यस्त चौक
नेताजी सुभाष मार्ग पर स्थित बख्तावर चौक गुरुग्राम के सबसे व्यस्त जंक्शनों में शामिल है। यह मार्ग गुरुग्राम-सोहना हाईवे को मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से जोड़ता है। वहीं, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से दिल्ली-जयपुर हाईवे तक भी इसी मार्ग के जरिये पहुंचा जाता है। अनुमान के अनुसार, इस चौक से हर 24 घंटे में करीब 65 हजार वाहन गुजरते हैं। इसके अलावा बख्तावर चौक से मेदांता मेडिसिटी और दिल्ली-जयपुर हाईवे के लिए भी प्रमुख संपर्क मार्ग उपलब्ध है।
विज्ञापन


कई सेक्टरों के लोगों को मिलेगा लाभ
बख्तावर चौक पर अंडरपास या एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से सेक्टर-39, 40, साउथ सिटी, सेक्टर-31, 44, 45, 46 और 47 के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक से फील्ड गार्डन और निर्वाण कंट्री की ओर आवागमन आसान होगा। वहीं, गुरुग्राम-सोहना हाईवे से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और सेक्टर-29 तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें