सोहना। दमदमा झील स्थित जीएलएस सोसाइटी में कंपनी के चीफ सिक्योरिटी स्टाफ और लोगों के बीच हुए विवाद में पुलिस की एक तरफा कार्रवाई से नाराज होकर लोगों ने थाने का घेराव किया। इस दौरान पूर्व विधायक सहित सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। उनकी मांग है कि पुलिस ने एक पक्ष का मुकदमा दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष की ओर से भी मुकदमा दर्ज किया जाए।
नाराज लोगों का कहना है कि सोसाइटी में पानी का टैंकर सप्लाई करने वाले युवक व उसके परिजनों के बीच आपसी झगड़ा में कंपनी के चीफ सिक्योरिटी अफसर व अन्य सुरक्षा कर्मी घायल हो गए थे। इस मामले में पुलिस ने पानी का टैंकर सप्लाई करने वाले युवक सहित आधा दर्जन लोगों के खिलाफ सोसाइटी में घुस कर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर किया है।
इससे नाराज होकर पानी का टैंकर सप्लाई करने वालों के पक्ष में सैकड़ों लोग सिटी पुलिस थाना पहुंचे। उन्होंने एक तरफा कार्रवाई का आरोप लगाया। इनके समर्थन में सोहना के पूर्व विधायक तेजपाल तंवर, नगर परिषद अध्यक्ष विभा खटाना के पति सोनू, बीजेपी के जिला उपाध्याय हरबीर अधाना, कांग्रेस के नेता सतबीर पहलवान भी पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरविंद दहिया से मांग की कि सोसाइटी में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने भी टैंकर चालक और उसके बचाव करने वालों के साथ मारपीट की। साथ में टैंकर चालक को जान से मारने का प्रयास किया था। इसलिए उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।