गुरुग्राम। पुलिस ने शहर में कोरोना मरीजों की मदद के लिए रविवार शाम से हेल्पलाइन नंबर जारी कर दी है। इसी नंबर से वाट्सऐप ग्रुप भी बनाया गया है। हेल्पलाइन से कोरोना मरीजों को परामर्श व अन्य सुविधाएं दिलाई जाएंगी। वहीं, पुलिस के बीस पीसीआर वाहनों को एंबुलेंस में बदलकर संक्रमितों को अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा। पुलिस कोरोना मरीजों को उनके घर तक जरूरी दवाइयां चार से पांच घंटे में मुहैया कराने का भी काम करेगी।
कोरोना महामारी को देखते हुए रविवार दोपहर पुलिस कमिश्नर केके राव ने अधीनस्थों के साथ बैठक की। उसी के बाद पुलिस कमिश्नर ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस रविवार शाम से संक्रमितों की मदद के लिए हेल्पलाइन शुरू करने जा रही है। हेल्पलाइन नंबर 9999999953 है। इसी नंबर से वाट्सएप ग्रुप बनाकर कोरोना मरीजों को परामर्श व अन्य सुविधाएं दिलाए जाने का काम किया जाएगा। मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाया जाएगा।
वाटर कैनन से होगा सैनेटाइजेशन
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि शहर के व्यस्त इलाके, मंडी, सदर बाजार आदि में रोज शाम को वाटर कैनन वाहन से सैनिटाइजेशन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन से मदद मांगी गई है। ऐसे बाजारों व भीड़ वाले इलाकों में गणमान्य लोगों से भी संपर्क साधा जाएगा। उनसे जानकारी और मदद की अपील की जाएगी।
पुलिस कर्मियों को सफर न करने की हिदायत
बैठक में पुलिस कर्मियों से कहा कि वह जिस क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात हैं, वह 10-15 दिन तक जमे रहें। इस दौरान सफर से बचें, जिससे कि उनमें संक्रमण का खतरा न बढ़े। अपने आसपास लोगों की मदद करने की कोशिश करें। लोगों को भीड़ जमा न करने देें।