गुरुग्राम। कॉल सेंटर कर्मी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त अजय से बुधवार को करीब दो घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ में कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। मामले में अब पुलिस को मोबाइल फोन के रिकॉर्ड मिलने का इंतजार है। इससे ही हत्या का राज खुलने की संभावना है। पुलिस ने अजय की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
सोमवार की रात को सेक्टर-31 पेट्रोल पंप के पास स्कूटी सवार दो युवकों ने पंकज और अजय के साथ मारपीट की थी। घटना में अजय तो बचकर भाग गया था, लेकिन युवकों ने पंकज को बुरी तरह से पीटा। इस दौरान उसके निजी अंगों पर चोटें लगने से वह बेहोश हो गया था। अजय ने स्कूटी सवार की मदद से पंकज को अस्पताल पहुंचाया। चार अस्पतालों में घूमने के बाद भी इलाज नहीं मिलने से पंकज ने दम तोड़ दिया था।