थाने में बैठक कर मामले की जानकारी परिजनों को दी
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। पूर्व पार्षद के भतीजे राकेश की गोली मारकर हत्या करने के मामले में बृहस्पतिवार को पुलिस ने फर्रुखनगर थाने में परिजन और गांव वालों के साथ बैठक की। पुलिस ने बैठक में अभी तक मामले में हुई कार्रवाई के बारे में सभी को जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। परिजनों की तरफ से मुख्य आरोपी पीयूष गोयल को गिरफ्तार नहीं होने पर सवाल किया गया। 13 मई को राकेश की उनकी दुकान पर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एक दिन पहले समोसे को लेकर विवाद हुआ था। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों से कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर मुख्य आरोपी पीयूष गोयल को गिरफ्तार नहीं करती है तो वह सड़क पर जाम करने के साथ ही बाजार बंद करके विरोध प्रदर्शन करेंगे, इसकी जिम्मेदारी पुलिस की होगी। एसीपी मानेसर बिजेन्द्र सिंह ने आश्वासन देते हुए कहा कि साक्ष्य जुटाने में पुलिस की मदद करें वह कार्रवाई करेंगे। उन्होंने परिजनों से पांच लोगों के नाम देने के लिए कहा है कि वह उनके साथ मिलकर एक कमेटी बनाएंगे। कमेटी वालों के साथ मिलकर पुलिस इस मामले में जांच करेगी।