रात में दो कमरे किए सील , सुबह जांच करने पर पटाखे मिले गायब
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र के कंडी माता मंदिर के सामने वाली गली स्थित एक घर में पुलिस टीम ने छापामारी करके प्रतिबंधित पटाखे पकड़े। यहां कोई नहीं मिला तो पुलिस ने देर रात पटाखे से भरे दो कमरों को सील कर दिया है। सुबह जब पुलिस मौके पर पहुंची तो सील टूटी मिली और जांच करने पर यहां रखे पटाखे भी गायब मिले। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसीपी पटौदी हरेन्द्र ने बताया कि सब इंस्पेक्टर विकास की ओर से दर्ज कराए गए बयान में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कंठी माता मंदिर के पास झज्जर के रहने वाले संदीप ने अपने घर के दो कमरों में प्रतिबंधित पटाखे रखे हुए हैं। इस पर उन्होंने साथियों के साथ छापेमारी की। जांच करने पर गत्तों में पटाखे रखे मिले। पुलिस ने तहसीलदार जगदीश चंद को इसकी सूचना देकर बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौके पर बुलाया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी यहां कोई नहीं आया। देर रात पटाखों के कमरों को सील कर दिया गया। मकान मालिक संदीप से पूछताछ की गई तो सामने आया कि उसने यह मकान किराये पर दिया हुआ है।
जांच में पता चला कि यह मकान दिल्ली के अमर कालोनी निवासी गोपाल दास ने किराये पर लेकर इसे पटाखों का गोदाम बनाया हुआ है। उसने डाबोदा रोड पर भी पटाखे का गोदाम बनाया हुआ है। उसने यहां प्रतिबंधित पटाखे रख रखे थे। पुलिस ने रात को दोनों कमरों को सील कर दिया। अगले दिन जब मौके पर पहुंचे तो पाया कि कमरे पर लगाई गई सील टूटी हुई थी और यहां से पटाखे कहीं दूसरे स्थान पर छिपा दिए। एसीपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इससे जुड़े लोग फरार हैं। सील टूटने के मामले की जांच की जा रही है।