शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुए विवाद को सुलझाने के दौरान हुई झड़प में युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। हमले में घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकोहपुर के जतिन ने कहा कि उसका दो दिन पहले शीशपाल, रोहित सहित अन्य से रेस्टोरेंट में झगड़ा हो गया था। इस विवाद को समाप्त करने के लिए वह शीशपाल प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में शिकोहपुर मोड पर गए थे। इस दौरान जतिन के साथ उसका भाई ललित व चिराग उर्फ चिंटू भी थे। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच मामला सुलझने की बजाय इतना बिगड़ गया कि उनमें मारपीट होने लगी। वहीं शीशपाल ने अपने साथी रोहित, कमल, हेमंत, अंकित, संजय, सुमित व अन्य के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उन पर गोली चला दी। जिसमें एक युवक को गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही मामले की असली वजह पता लग पाएगा।