फेज वन में 3200 प्लॉट को पीएनजी लाइन से जोड़ा जा रहा
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। घरेलू गैस संकट की सूचनाओं के बीच शहर की एक बड़ी टाउनशिप डीएलएफ में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की लाइन पर काम शुरू होने से निवासियों में खुशी है। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने इस संबंध में डीएलएफ के विभिन्न फेज के लोगों को सूचना जारी करते हुए पीएनजी कनेक्शन के लिए लोगों से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। डीएलएफ के चारों फेज में जून 2026 तक पीएनजी लाइन डालने का लक्ष्य रखा है। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बताया कि हरियाणा सिटी गैस ने डीएलएफ फेज वन में 15 अप्रैल से पीएनजी लाइन का काम शुरू कर दिया है। फेज वन में 3200 प्लॉट को पीएनजी लाइन से जोड़ा जा रहा है। जी और एच ब्लॉक पहले, एम ब्लॉक दूसरे, एस और टी ब्लॉक तीसरे और अमलतास ड्राइव का काम चौथे चरण में पूरा होगा।
डीएलएफ फेज-2 का काम एक मई को शुरू होगा। यहां 3800 प्लॉट को पीएनजी लाइन से जोड़ा जाना है। इसमें ए और बी ब्लॉक का काम पहले चरण, एन, क्यू और जे ब्लॉक में दूसरे चरण, वी और डब्ल्यू ब्लॉक में तीसरे चरण और बी ब्लॉक में चौथे चरण में काम शुरू होगा।
डीएलएफ फेज-3 में 4200 प्लॉट को पीएनजी लाइन से जोड़ा जाएगा। यहां 15 मई से काम शुरू होगा। फेज थ्री के सी, डी और ई ब्लॉक में पहले चरण में काम शुरू होगा। केएल और बचे हुए ब्लॉक में दूसरे चरण और यू ब्लॉक और साथ लगे हिस्से में तीसरे चरण में काम शुरू होगा। फेज-4 में बचे हुए हिस्से में पीएनजी का काम 15 मई से ही शुरू होगा। लोगों से अपील की गई है कि वे सहयोग करें ताकि उनकी गली तक पीएनजी लाइन पहुंच सके। इस योजना के तहत 10,000 घरों को पीएनजी लाइन से जोड़ा जाना है।