गुरुग्राम। जिले में 16 जनवरी को कोरोना टीकाकरण किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 16 जनवरी को जिले के 6 केंद्रों पर सबसे पहले फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स को कोविड का टीका लगाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 जनवरी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वैक्सीन लगाने के अभियान की शुरुआत करेंगे। गुरुग्राम में यह कार्यक्रम वजीराबाद के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए केंद्र में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रूबरू होंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वीरेंद्र यादव ने सोमवार को इस बारे में जानकारी दी। इसी संदर्भ में सीएमओ ने सोमवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में निजी अस्पतालों तथा यूपीएचसी व सीएचसी केंद्र के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार पहले स्वास्थ्यकर्मियों को 16 जनवरी को 6 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। जिन केंद्रों पर यह टीकाकरण किया जाएगा, उनमें वजीराबाद राजकीय प्राथमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय दौलताबाद, सेक्टर-39 स्थित मेदांता मेडिसिटी अस्पताल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय चोमा, एसजीटी मेडिकल कॉलेज तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भांगरोला शामिल है। कुल 161 केंद्रों पर टीकाकरण होना है।
----------
वैक्सिनेशन में लगाए गए हैं अनुभवी कर्मचारी :
सीएमओ ने बैठक में अधिकारियों व कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने संबंधी आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कहा कि यदि इस बारे में किसी को कोई संशय हो तो वह समय रहते दूर कर लें क्योंकि वैक्सीनेशन में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के कार्य में अनुभवी कर्मचारी लगाए जा रहे हैं ताकि यह कार्य सुचारू रूप से चले। इसके लिए सभी साईट्स पर आईईसी सामग्री पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
डाटा एंट्री ऑपरेटरों की भूमिका महत्वपूर्ण :
वैक्सीनेशन कार्य में लगे प्रत्येक व्यक्ति को अलग-अलग परिस्थितियों में लागू होने वाले डूज एंड डोंट्स अवश्य पता होने चाहिए। डॉ. यादव ने कहा कि वैक्सीनेशन कार्य में डाटा एंट्री ऑपरेटर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन्हें कोविन मोबाइल ऐप पर डाटा अपडेशन को लेकर प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को भी लघु सचिवालय में डाटा एंट्री ऑपरेटरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इन्हें नहीं लगेगी वैक्सीन
सीएमओ ने कहा कि अधिकारी संबंधित केंद्र में व्यवस्था को लेकर माइक्रो प्लान भी अपने स्तर पर बना लें और स्थिति के अनुरूप इसे लागू करें ताकि वैक्सीनेशन कार्य बाधित नहीं हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैक्सीन 14 साल से कम आयु के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नहीं लगाई जाएगी। वैक्सीन 2 डोज में लगेगी। पहली डोज के बाद व्यक्ति को दूसरी डोज लगभग 28 दिन के अंतराल में लगाई जाएगी। वैक्सीन की डोज पूरी लगने के बाद व्यक्ति को प्रमाण पत्र दिया जाएगा कि उसने कोरोना वैक्सीन की दोनो डोज लगवा ली है।
विस्तार से समझाई की प्रक्रिया :
सिविल सर्जन ने कोरोना वैक्सीन के स्टोरेज से लेकर इसे लगाने तक की प्रक्रिया विस्तार से समझाई। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन का कार्य हम सभी को एकजुटता के साथ पूरा करना है इसलिए जरूरी है कि सभी इस कार्य को गंभीरता से लें और सभी तैयारियां समय रहते पूरा कर लें। उन्होंने बैठक में केंद्रों पर वैक्सीनेशन कार्य को लेकर की जाने वाली व्यवस्था संबंधी बारीकियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। इस मौके पर मेडिकल अधिकारी तथा निजी अस्पतालों से आए प्रतिनिधि उपस्थित रहे।