18 अगस्त से शुरू होंगी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं, जिला स्तर के विजेताओं को मिलेगा मौका
नंबर गेम - 33 खेलों में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिताओं का आगाज 18 अगस्त से होने जा रहा है। इसके लिए जिले के विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ी अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर विजेता और चयनित खिलाड़ी अब राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों के साथ-साथ शिक्षा विभाग ने भी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से इस सत्र में 33 खेलों को स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया है। जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय मुकाबलों के लिए किया गया है। अब इन खिलाड़ियों से राज्य स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। खिलाड़ियों के अभ्यास को देखते हुए स्कूलों के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों और प्रशिक्षकों की ओर से भी विशेष तैयारी कराई जा रही है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ी एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती, जूडो, तैराकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचने वाले खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। ऐसे में जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सामने राज्य स्तर पर पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने का अवसर होगा।
शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों की सुविधा और टीमों से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही संबंधित स्कूलों और पीटीआई-डीपीई को खिलाड़ियों की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
एईओ जगदीश अहलावत ने बताया कि 18 अगस्त से राज्य स्तरीय स्कूली प्रतियोगिताएं शुरू हो रही हैं। जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर खेलने का अवसर मिलेगा। खिलाड़ियों की तैयारियां चल रही हैं और विभाग की ओर से भी प्रतियोगिताओं को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।